रायपुर - छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के लिए दोनो प्रमुख राजनीतिक दलों सत्ताधारी कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा में कवायद तेजी से जारी है। भाजपा ने अपनी पहली सूची में 21 प्रत्याशियों के नाम घोषित भी कर दिए हैं। वहीं दूसरी सूची के लिए रविवार की देर शाम नई दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में ज्यादातर सीटों के लिए नाम तय कर लिए गए हैं। बैठक में तय नामों पर हरिभूमि- INH मीडिया समूह के प्रधान संपादक डा. हिमांशु द्विवेदी ने हमारे पाठकों के लिए अंदरूनी पुख्ता जानकारी साझा की है।
प्रधान संपादक डा. हिमांशु द्विवेदी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक- डा. रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, प्रेम प्रकाश पांडेय, अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल और ननकी राम कंवर जैसे दिग्गज नेताओं को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उनकी अपनी-अपनी सीट से ही चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सबसे ज्यादा चौंकाने वाला निर्णय यह है कि प्रदेश भाजपाध्यक्ष अरुण साव लोरमी विधानसभा से प्रत्याशी होंगे। वहीं जोगी कांग्रेस से भाजपा में आए दिग्गज नेता धरमजीत सिंह जो कि लोरमी से विधायक थे उन्हें पार्टी ने तखतपुर से लड़ाने का निर्णय लिया है।
छत्तीसगढ़िया फिलमों के लोकप्रिय अभिनेता अनुज शर्मा को पार्टी ने राजधानी रायपुर से लगते धरसीवां विधानसभा से मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि धरसीवां से पार्टी के दिग्गज नेता देवजी भाई पटेल भी दावेदार थे। वहीं पार्टी ने बसना से संपत अग्रवाल को चुनाव लड़ाना तय कर लिया है। उल्लेखनीय है कि, संपत अग्रवाला पुराने भाजपाई है। लेकिन पिछले चुनाव में पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर वे निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरकर अच्छी खसे मत हासिल किए थे। इसलिए पार्टी ने उनको वापस लेकर प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है।
आरंग क्षेत्र को लेकर भी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने निर्णय कर लिया है। हाल ही में कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में आए सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास के सुपुत्र गुरु खुसवंत साहेब को भाजपा ने आरंग से प्रत्याशी बनाया है। उल्लेखनीय है कि वहां से सरकार के मंत्री शिव डहरिया विधायक हैं।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में जब कोरबा जिले की रामपुर सीट से ननकी राम कंवर का नाम लिया गया तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। फिर सभी ने सर्वानुमति से उनके नाम पर हामी भर दी।
रायुपर दक्षिण सीट से एक बार फिर से बृजमोहन अगवाल का नाम आया तो बैठक में मौजूद पीएम नरेंद्र मोदी ने पूछा कि, बृजमोहन जी कितनी बार विधायक बन गए होंगे।
साल 2008 से लगातार अंबिकापुर शहर से विधायक चुने जा रहे टीएस सिंहदेव के खिलाफ भाजपा अभी प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है। उल्लेखनीय है कि पहला चुनाव श्री सिंहदेव महज हजार मतो से ही जीत पाए थे, लेकिन उसके बाद हर चुनाव में उनकी जीत का अंतर बढ़ता ही गया। उनको हर बार भाजपा की ओर से अनुराग सिंहदेव के साथ ही मुकाबला करना पड़ा है। अबकी बार ऐसा लग रहा है कि वहां से पार्टी प्रत्याशी बदलने पर विचार कर रही है।
BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 50 से ज्यादा नाम
ये हैं संभावित प्रत्याशियों के नाम-
राजनांदगांव- डॉ. रमन सिंह
बिलासपुर- अमर अग्रवाल
रामपुर- ननकीराम कंवर
भिलाईनगर- प्रेमप्रकाश पांडेय
बिल्हा- धरमलाल कौशिक
जाँजगीर- नारायण चंदेल
मस्तूरी- कृष्णामूर्ति बांधी
बेलतरा- रजनीश सिंह
कुरुद- अजय चंद्राकर
आरंग- ख़ुशवंत सिंह
बसना- संपत अग्रवाल
साजा- ईश्वर साहू
रायपुर उत्तर- पुरंदर मिश्रा
रायपुर दक्षिण- बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर पश्चिम- राजेश मूणत
रायपुर ग्रामीण- मोतीलाल साहू
लोरमी- अरुण साव
तखतपुर- धर्मजीत सिंह
वैशालीनगर- रिकेश सेन
बैकुंठपुर- भैयालाल राजवाड़े
कोटा- प्रबल प्रताप सिंह
पत्थलगांव- गोमती साय
रायगढ़- ओपी चौधरी
कवर्धा- विजय शर्मा
डोंगरगांव- भरत वर्मा
नारायणपुर- केदार कश्यप
जगदलपुर- किरण देव
बीजापुर- महेश गागड़ा
कोंडागांव- लता उसेंडी
अंतागढ़- विक्रम उसेंडी
धरसींवा- अनुज शर्मा
बलौदबाजार- टंकराम वर्मा
बेमेतरा-राहुल टिकरिया
भरतपुर सोनहट- रेणुका सिंह
महासमुंद- योगेश्वर सिन्हा
जशपुर- रायमुनि भगत
सीतापुर- रामकुमार टोप्पो
चन्द्रपुर – संयोगिता सिंह जूदेव
पाली तानाखार- रामदयाल उइके
कटघोरा- प्रेम पटेल
जैजेपुर-कृष्णकांत चंद्रा
पामगढ़- संतोष लहरे
डौंडी लोहारा- वीरेंद्र साहू
दुर्ग शहर- गजेंद्र यादव
दुर्ग ग्रामीण- ललित चंद्राकर
मनेंद्रगढ़- श्याम बिहारी जयसवाल
भाटापारा-शिवरतन शर्मा
पंडरिया- विश्वेसर पटेल
मुंगेली- पुन्नूलाल मोहिले
